चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
यूपी हेड – अजय लखमानी

वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ में स्वीटी का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री श्रिया पिलगांवकर इन दिनों वाराणसी में हैं। दो दिन के दौरे पर काशी पहुंचीं श्रिया ने रविवार को बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए।
इसके बाद काल भैरव मंदिर पहुंचकर ‘मिर्जापुर द फिल्म’ की सफलता के लिए प्रार्थना की। काल भैरव मंदिर में श्रिया ने विधि-विधान से पूजा की और बाबा का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने काशी की गलियों में पैदल घूमकर यहां का माहौल देखा।
उन्हें देखकर प्रशंसक भी उत्साहित हो गए। कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और बातचीत की। श्रिया ने भी प्रशंसकों का अभिवादन किया और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

श्रिया बोलीं- काशी आकर मिलती है मन को शांति
मंदिर में दर्शन के बाद श्रिया ने कहा कि काशी हमेशा से उनकी पहली पसंद रही है। यहां आने के बाद उन्हें मन की शांति मिलती है। उन्होंने कहा कि काशी का माहौल उन्हें हमेशा अपनी ओर खींचता है।
‘मिर्जापुर’ से मिली खास पहचान
श्रिया पिलगांवकर का जन्म 25 अप्रैल 1989 को हुआ था। वह अभिनेता सचिन पिलगांवकर और अभिनेत्री सुप्रिया पिलगांवकर की बेटी हैं। उन्होंने वर्ष 2013 में मराठी फिल्म ‘एकुलती एक से अभिनय की शुरुआत की थी।
वर्ष 2016 में फिल्म ‘फैन’ से उन्होंने हिंदी सिनेमा में कदम रखा। इसके बाद वह ‘जय माता दी’, ‘हाउस अरेस्ट’ और ‘भंगड़ा पा ले’ जैसी फिल्मों में नजर आईं। हालांकि, वर्ष 2018 में आई वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ से उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता मिली। इसमें उन्होंने स्वीटी गुप्ता का किरदार निभाया था।
श्रिया अभिनय के साथ निर्देशन और निर्माण में भी काम कर चुकी हैं। वर्ष 2023 में उनकी लघु फिल्म ‘सीता’ रिलीज हुई थी। इसमें जातिवाद जैसे सामाजिक मुद्दे को दिखाया गया था। फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों की सराहना मिली।



