चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – सत्यम गुप्ता

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) विश्व भूषण मिश्र का करीब दो साल बाद तबादला कर दिया गया है। उन्हें उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) में उपसचिव की जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि, मंदिर न्यास के नए CEO की घोषणा अभी नहीं हुई है।
विश्व भूषण मिश्र जनवरी 2024 से काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के CEO का काम संभाल रहे थे। उनके कार्यकाल में श्रद्धालुओं की सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था में कई बदलाव किए गए।
सावन और महाशिवरात्रि पर लागू किया SOP
विश्व भूषण मिश्र के कार्यकाल में त्योहारों पर भीड़ को संभालने के लिए दर्शन व्यवस्था में बदलाव किए गए। सावन, नववर्ष और महाशिवरात्रि जैसे पर्वों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने अलग-अलग स्तर पर भीड़ नियंत्रण और दर्शन के लिए SOP लागू किया।
भीड़ अधिक बढ़ने पर गर्भगृह में स्पर्श दर्शन अस्थायी रूप से रोककर झांकी दर्शन की व्यवस्था की गई। इसका उद्देश्य कम समय में अधिक श्रद्धालुओं को बाबा विश्वनाथ के दर्शन कराना था।
कुंभ-2019 और कोविड काल में भी संभाली जिम्मेदारी
काशी विश्वनाथ मंदिर का CEO बनने से पहले विश्व भूषण मिश्र वाराणसी मंडल में अपर आयुक्त (प्रशासन) के पद पर तैनात थे। इससे पहले वह प्रदेश के कई जिलों में प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। प्रयागराज कुंभ-2019 और कोविड काल के दौरान भी उन्होंने प्रशासनिक जिम्मेदारी निभाई थी।



