यूपी हेड : अमर नाथ साहू

वाराणसी। । पावर स्टार के नाम से मशहूर भोजपुरी एक्टर और सिंगर पवन सिंह एक बड़े विवाद में फंस गए हैं। वाराणसी में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सेकेंड की अदालत ने पवन सिंह समेत 4 लोगों पर कैंट थाना पुलिस को मुकदमा लिखने का आदेश दिया है।
अदालत ने यह आदेश सोमवार को होटल व्यवसायी विशाल सिंह की अर्जी पर सुनवाई के बाद दिया। मामले की पैरवी वकील राहुल द्विवेदी, आशीष सिंह और दुष्यंत अवस्थी ने की।

विशाल सिंह का आरोप है कि पवन सिंह, प्रेमशंकर राय, उनकी पत्नी सीमा राय समेत 4 पर करीब डेढ़ करोड़ रुपए की ठगी करने का आरोप लगाया है। यह भी कहा कि पैसे मांगने पर हत्या की धमकी दी गई है।
पीड़ित विशाल सिंह ने बताया, 2017 में महाराष्ट्र निवासी प्रेमशंकर राय और उनकी पत्नी सीमा राय ने खुद को फिल्म निर्माता बताकर संपर्क किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भोजपुरी फिल्म में निवेश से मोटा मुनाफा होगा। उत्तर प्रदेश सरकार से सब्सिडी भी वापस मिल जाएगी।
इसके बाद उनकी मुलाकात भोजपुरी स्टार पवन सिंह से कराई गई। निवेश का दबाव बनाया गया। झांसे में आकर पीड़ित ने अपनी और अपने भाई की फर्म से करीब 32.60 लाख रुपए अलग-अलग खातों में जमा किए।

जुलाई 2018 में होटल में हुई एक बैठक में आरोपियों ने कंपनी के लेटर हेड पर एग्रीमेंट तैयार कर व्यवसायी को फिल्म का निर्माता घोषित किया। 50% मुनाफा देने का वादा किया। इसके बाद ‘बॉस’ नामक फिल्म की शूटिंग शुरू हुई।
व्यवसायी का दावा है कि उसने फिल्म में करीब 1.25 करोड़ रुपए और निवेश किए। लेकिन, फिल्म पूरी होने के बाद जब उसने मुनाफे और निवेश की रकम मांगी तो टालमटोल शुरू हो गई।
इसके बाद में जानकारी मिली कि फिल्म बिक चुकी है। करोड़ों रुपए का लाभ भी हुआ। लेकिन, निवेशक को उसका हिस्सा नहीं दिया गया। रकम मांगने पर पवन सिंह ने जान से मारने की धमकी दी।



