HomeUncategorizedबाबा विश्वनाथ के धाम के बाहर 2KM लंबी लाइन: 6 द्वार से...

बाबा विश्वनाथ के धाम के बाहर 2KM लंबी लाइन: 6 द्वार से श्रद्धालुओं को प्रवेश, देश-विदेश से 20 दिन में पहुंचे 55.69 लाख श्रद्धालु

चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – अभिषेक सोनकर

सावन के अंतिम सोमवार से पहले काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। रविवार को वीकेंड होने के कारण श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में अचानक श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई। बाबा विश्वनाथ मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर गोदौलिया चौराहे तक श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहले गंगा घाटों पर पहुंचे और इसके बाद कतार में लगकर बाबा के दर्शन के लिए आगे बढ़े।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। मंदिर में श्रद्धालुओं को पांच प्रवेश द्वारों से प्रवेश कराया जा रहा है। भीड़ को अलग-अलग हिस्सों में नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। मंदिर परिसर और आसपास के प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
वीकेंड के चलते अचानक बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़

एसीपी अतुल अंजान ने बताया कि वीकेंड के चलते अचानक श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हुआ है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रूट कंट्रोल किया गया है। मंदिर मार्ग पर जाने वाले सभी वाहनों को रोक दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही में किसी तरह की परेशानी न हो। बैरिकेडिंग को भी सक्रिय कर दिया गया है।

मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर मार्ग को एकल जोन घोषित किया है। इसके तहत श्रद्धालुओं की आवाजाही को एक दिशा में व्यवस्थित किया जा रहा है। भीड़ के दबाव को कम करने के लिए अलग-अलग स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाकर श्रद्धालुओं को नियंत्रित तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रशासन की कोशिश है कि सावन के अंतिम सोमवार को संभावित भारी भीड़ के बावजूद दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
सुबह आठ बजे के बाद वाहनों का प्रवेश रोका

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर मार्ग पर सुबह आठ बजे के बाद वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। गंगा घाटों से मंदिर की ओर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में वाहनों की आवाजाही से भीड़ बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने रूट कंट्रोल लागू किया है।

धाम के प्रवेश और निकास के लिए छह अलग-अलग गेट निर्धारित किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों के जरिए श्रद्धालुओं की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। मंदिर में चढ़ावे को लेकर भी पारदर्शिता बरतने की व्यवस्था की गई है।
सावन में 55.69 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में सावन के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंदिर प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार सावन में अब तक 55.69 लाख श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर चुके हैं। वहीं सात ज्योतिर्लिंगों में अब तक 2.34 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के दर्शन करने की जानकारी दी गई है।

आंकड़ों के मुताबिक सोमनाथ मंदिर में करीब 16 लाख श्रद्धालु पहुंचे हैं। इस लिहाज से सावन में श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में सोमनाथ की तुलना में करीब 39.69 लाख अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। मंदिर प्रशासन के अनुसार प्रत्येक सोमवार को बाबा के दरबार में पांच से साढ़े पांच लाख तक श्रद्धालु पहुंचे।
दर्शन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में भी बढ़ी भागीदारी

श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि बाबा के दर्शन के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक अनुष्ठान भी करा रहे हैं। 20 अगस्त तक करीब 8,300 लोगों ने बाबा विश्वनाथ का रुद्राभिषेक कराया है। सावन के अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular