चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – चन्दन रंजीत यादव

वाराणसी के करसड़ा गांव के सामने शनिवार देर रात एक अज्ञात ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मऊ निवासी गुलशन यादव और सोनभद्र के बभनी निवासी आनंद यादव मिर्जापुर के साधो-माधो में किराए पर रहते थे। दोनों अखरी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती अपने रिश्तेदार को देखने जा रहे थे। करसड़ा गांव के सामने पहुंचते ही उनकी बाइक को एक अज्ञात ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी।
सूचना मिलने पर रोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। इलाज के दौरान आनंद यादव की मौत हो गई। आनंद सेंटरिंग में पाइप लगाने का काम करते थे और अपने दो भाइयों में बड़े थे। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन वाराणसी के लिए रवाना हो गए। आनंद की पत्नी पुष्पा देवी सहित परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।



