चीफ़ एडिटर – अमर नाथ शाहू
मण्डल ब्यूरो – चन्दन रंजीत यादव

वाराणसी पुलिस ने फिल्म पुष्पा की तर्ज पर वाहन में गुप्त चेंबर बनाकर की जा रही गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। सिगरा थाना क्षेत्र के लहरतारा इलाके में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक मालवाहक वाहन से करीब 55 किलोग्राम गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, लोकल इंटेलिजेंस यूनिट और सर्विलांस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक वाहन के जरिए अवैध मादक पदार्थ की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली। शुरुआती जांच में वाहन खाली दिखाई दिया, लेकिन गहन निरीक्षण के दौरान हाइड्रोलिक सिस्टम के नीचे विशेष रूप से तैयार किया गया एक सीक्रेट चेंबर मिला।
तलाशी के दौरान पुलिस ने पाया कि वाहन में अतिरिक्त शीट लगाकर एक गुप्त चेंबर तैयार किया गया था। इसी चेंबर में 55 किलो गांजा छिपाकर रखा गया था, ताकि सामान्य जांच में पकड़ में न आए। बरामदगी के बाद पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ओडिशा से लाई गई थी खेप, पूर्वांचल में होनी थी सप्लाई
एसीपी चेतगंज शुभम ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि गांजे की खेप ओडिशा से लाई गई थी। इसे पूर्वांचल क्षेत्र में, संभवतः चंदौली की तरफ सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के सरगना और अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इससे पहले इस तरीके से कितनी खेप विभिन्न जिलों में पहुंचाई गई।




