HomeUncategorizedजमीन विवाद में युवक और बहनों पर हमलाः कपड़े फाड़कर पीटा, जान...

जमीन विवाद में युवक और बहनों पर हमलाः कपड़े फाड़कर पीटा, जान से मारने की धमकी; चोलापुर पुलिस ने 7 पर केस दर्ज किया

चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो चीफ – प्रदीप साह

Oplus_16908288

वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के मंगोलेपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर एक युवक और उसकी बहनों पर हमला किया गया। गांव के कुछ लोगों ने युवक को लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीटा। जब युवक की दो बहनें उसे बचाने आईं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, कपड़े फाड़ दिए और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर चोलापुर पुलिस ने 7 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मंगोलेपुर के रहने वाले सुधांशु सिंह उर्फ पवन सिंह ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह करीब 8 बजे उन्हें गांव के पुनित सिंह के घर जमीन के हिसाब-किताब के लिए बुलाया गया था।

आरोप है कि जैसे ही सुधांशु पुनित सिंह के घर के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद विजय सिंह उर्फ विरु, धर्मेंद्र सिंह, गोलू सिंह, अश्वनी सिंह, कौशिक सिंह और पंकज सिंह ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद आरोपी उन्हें जबरन अपने घर ले गए और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला किया।

सुधांशु की आवाज सुनकर उनकी बहनें साक्षी सिंह और सुप्रिया सिंह मौके पर पहुंचीं और भाई को बचाने की कोशिश करने लगीं। आरोप है कि आरोपियों ने दोनों बहनों पर भी हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने बहनों के साथ गलत व्यवहार किया, उनके कपड़े फाड़ दिए और उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया।

घटना के दौरान गांव में शोर मच गया। जब बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा होने लगे, तो आरोपी वहां से भागने लगे। जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि ‘आज तो तुम लोग बच गए हो, लेकिन जल्द ही तुम दोनों भाई-बहन का काम खत्म कर देंगे और तुम्हारी सारी जायदाद अपने नाम करवा लेंगे।’ ग्रामीणों के बीच-बचाव करने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

RELATED ARTICLES

Most Popular