चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
क्राइम ब्यूरो – पंकज भाटिया

वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के लहिया (जोगीबीर पाही) गांव में शुक्रवार तड़के 2 से 3 बजे के बीच मास्क लगाए चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया। चोर लाखों रुपए के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। एक घर में चोरी के दौरान बहू की नींद खुल गई। शोर मचाने पर चोरों ने उसे पिस्टल दिखाया और खेतों की ओर भाग निकले। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
चोरों ने सबसे पहले जमुना प्रसाद के घर को निशाना बनाया। बताया गया कि चोर पीछे के दरवाजे से घर में दाखिल हुए। परिवार के कुछ सदस्य बाहर और बरामदे में सो रहे थे। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे जेवरात लेकर फरार हो गए।
छत के रास्ते दूसरे घर में पहुंचे
इसके बाद चोर छत के रास्ते चंद्रिका पटेल के घर में पहुंचे। यहां चोरी करते समय उनकी बहू अंजना की नींद खुल गई। अंजना ने चोरों को देखकर शोर मचाया तो उन्होंने पिस्टल दिखाकर उसे डराया। इसके बाद चोर बॉक्स में रखे सोने के लॉकेट और पायल लेकर खेत की ओर भाग गए।
चोरों ने रामसूरत के घर में रखे बक्से का ताला भी तोड़ दिया। यहां से भी चोर जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। कुछ ही देर में तीन घरों में चोरी की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने मौके से पेचकस और टॉर्च बरामद
घटना की सूचना मिलते ही जंसा पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से एक पेचकस और टॉर्च बरामद हुई है।
10 से 12 लाख के जेवर चोरी होने का दावा
परिवारों के मुताबिक, चोर तीनों घरों से कुल करीब 10 से 12 लाख रुपए के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए हैं। पुलिस चोरी गए सामान का विवरण जुटा रही है। साथ ही चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है।




