HomeUncategorizedचक्रवाती तूफान मोंथा का असर,काशी में बदल गया मौसम, 30-31 अक्तूबर को...

चक्रवाती तूफान मोंथा का असर,काशी में बदल गया मौसम, 30-31 अक्तूबर को तेज हवा और बारिश की संभावना

चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर : धनेश बदलानी

वाराणसी: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ का असर अब काशी के मौसम पर साफ दिखने लगा है। बीते पांच दिनों में अधिकतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जबकि पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 4.6 डिग्री सेल्सियस की तेज गिरावट दर्ज की गई है। मौसम के अचानक बदले मिजाज ने ठंड के शुरुआती संकेत दे दिए हैं।

बीएचयू के मौसम विज्ञान विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 24 अक्तूबर को काशी का अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.5 डिग्री सेल्सियस था।

28 अक्तूबर को यह घटकर अधिकतम 29.3 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जिससे शाम के समय सिहरन महसूस की जाने लगी।

हवा में नमी की मात्रा बढ़ने से गलन का एहसास भी बढ़ गया है। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि चक्रवात मोंथा दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है और उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से 30 और 31 अक्तूबर को काशी में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है।

उन्होंने बताया कि इस दौरान हवाओं की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। 27 और 28 अक्तूबर को हुई बारिश इसी प्रभाव का परिणाम थी और यह सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार,
आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी।

नवंबर के पहले सप्ताह से ठंड का असर स्पष्ट रूप से महसूस होने लगेगा। शहरवासियों को अब गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगेगी।

काशीवासियों के लिए यह बदलाव सुकून देने वाला है, क्योंकि अक्टूबर के शुरुआती हफ्तों में लगातार गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही थी। अब मौसम में आई यह ठंडक राहत लेकर आई है।।।

RELATED ARTICLES

Most Popular