चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – रोहित गुप्ता

वाराणसी के सेवापुरी के जंसा थाना क्षेत्र के गोसाईपुर (बेसहूपुर) गांव में स्थित एक प्राचीन शिव मंदिर से चोरों ने करीब 20 किलो का घंटा चोरी कर लिया। यह घटना गुरुवार देर रात हुई। शुक्रवार सुबह जब श्रद्धालु पूजा करने मंदिर पहुंचे, तब उन्हें चोरी का पता चला। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और मंदिर से घंटा चोरी होने की खबर फैलते ही लोगों में गुस्सा फैल गया।
ग्रामीणों ने बताया कि चोर देर रात मंदिर परिसर में घुसे और घंटा काटकर अपने साथ ले गए। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे कुछ ग्रामीण पूजा करने मंदिर पहुंचे तो घंटा गायब देखकर हैरान रह गए। इसके बाद उन्होंने तुरंत जंसा पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है। ग्रामीणों ने मंदिर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इसी मंदिर में बीते चार सितंबर को भी चोरों ने दानपेटी चोरी कर ली थी। लगातार दूसरी चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में नाराजगी है और वे मंदिर की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।




