HomeUncategorizedई-रिक्शा चलाने की सलाह पर सियासी संग्राम, रसड़ा में सपा नेता मान...

ई-रिक्शा चलाने की सलाह पर सियासी संग्राम, रसड़ा में सपा नेता मान सिंह सेंगर का अनोखा प्रदर्शन!

ब्यूरो रिपोर्ट : रवि प्रताप आर्य

बलिया । उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के युवाओं को ई-रिक्शा चलाने की सलाह देने वाले बयान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। इस बयान के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बलिया जिले के रसड़ा में अनोखे अंदाज में प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। सपा युवा नेता मान सिंह सेंगर के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर ई-रिक्शा खींचकर विरोध जताया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ई-रिक्शा में सवारियां बैठाकर उसे सड़क पर खींचा। यह प्रदर्शन मान सिंह सेंगर के आवास से शुरू होकर भगत सिंह तिराहे तक पहुंचा। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन के जरिए सपा कार्यकर्ताओं ने युवाओं के सामने खड़ी बेरोजगारी की समस्या को प्रमुखता से उठाया।

नौकरी मांग रहे युवाओं को ई-रिक्शा चलाने की सलाह क्यों?

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा युवा नेता मान सिंह सेंगर ने कहा कि प्रदेश का युवा बेरोजगारी से जूझ रहा है। युवा पढ़-लिखकर स्थायी नौकरी और बेहतर भविष्य की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन उन्हें रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में युवाओं को ई-रिक्शा चलाने की सलाह देना बेरोजगारी जैसे गंभीर सवाल से बचने के समान है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के ठोस अवसर उपलब्ध कराने और सरकारी रिक्त पदों पर भर्ती करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। प्रदर्शन के माध्यम से सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार से युवाओं के भविष्य और रोजगार के सवाल पर जवाब देने की मांग उठाई।

‘भारत टैक्सी’ के शुभारंभ पर दिया था बयान

गौरतलब है कि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 23 सितंबर को लखनऊ में ‘भारत टैक्सी’ सेवा के शुभारंभ के अवसर पर चालकों को आत्मनिर्भर बनने की सलाह दी थी। उनके इस बयान के बाद विपक्ष ने बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरना शुरू कर दिया। इसी कड़ी में रसड़ा में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया। रसड़ा में हुए इस अनोखे प्रदर्शन के जरिए समाजवादी पार्टी ने बेरोजगारी के मुद्दे को एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में लाने की कोशिश की।

RELATED ARTICLES

Most Popular