HomeUncategorizedइंस्टाग्राम पर दोस्ती, युवती को बनारस बुलाकर दुष्कर्म: शादी से इनकार पर...

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, युवती को बनारस बुलाकर दुष्कर्म: शादी से इनकार पर आरोपी प्रेमी गिरफ्तार, जेल भेजा

चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक रिपोर्टर – धनेश बदलानी

वाराणसी में इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद एक युवक ने महाराष्ट्र की युवती को बनारस बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती के शादी की बात करने पर युवक ने इनकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर सारनाथ पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

महाराष्ट्र के पालघर जिले की रहने वाली युवती ने सारनाथ पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले उसकी दोस्ती वाराणसी के पुरानापुल, सारनाथ निवासी निहाल राजभर से इंस्टाग्राम पर हुई थी। दोनों लगातार बात करते रहे।

युवती के अनुसार, तीन महीने पहले निहाल ने उसे शादी करने के लिए बनारस बुलाया। वह करीब एक हफ्ते तक निहाल के घर पर रही। इस दौरान निहाल ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए।

जब युवती ने निहाल से शादी की बात कही तो उसने मना कर दिया। आरोपी ने उसे गालियां दीं, मारपीट की और भगा दिया। इस घटना से दुखी होकर युवती ने आत्महत्या की कोशिश में चूहे मारने की दवा खा ली थी, लेकिन डॉक्टरों ने उसकी जान बचा ली थी।

पीड़िता ने बताया कि इसके बाद भी वह शादी के लिए मिन्नतें करती रही, लेकिन निहाल और उसके घरवाले तैयार नहीं हुए। युवती ने आरोप लगाया कि शादी का दबाव बनाने पर निहाल उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था और अपने घर रखने से मना कर रहा था। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। आरोपी निहाल राजभर को आज सुबह 10:30 बजे शीतला माता मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने पीड़िता के परिजनों को सूचना देकर वाराणसी बुलाया है। फिलहाल, पीड़िता का मेडिकल जांच कराकर उसे वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षित रखा गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular