चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू

वाराणसी। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा पुलिस ने एक युवती से कथित तौर पर शारीरिक संबंध बनाने, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बार-बार संबंध बनाने तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज एवं पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर थाना सिगरा पुलिस ने मंगलवार को अमूल डेयरी के पास से वांछित अभियुक्त मनोज मौर्या पुत्र प्रकाश मौर्या (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया। अभियुक्त का स्थायी पता गेट नंबर-03, मंडुवाडीह तथा वर्तमान पता अन्नपूर्णा नगर कॉलोनी, नगर निगम क्षेत्र, थाना सिगरा बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में थाना सिगरा में मु0अ0सं0 0394/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(va) में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस द्वारा जारी आपराधिक इतिहास के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त मनोज मौर्या के विरुद्ध पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2017 में मंडुवाडीह थाने में पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं, वर्ष 2018 में धमकी व गाली-गलौज, वर्ष 2019 में पॉक्सो एक्ट एवं दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे शामिल हैं। इसके अलावा वर्ष 2024 में भेलूपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। वर्तमान प्रकरण वर्ष 2026 का है।
पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सिगरा शिवाकान्त मिश्र, उपनिरीक्षक शिवम्, चौकी प्रभारी लल्लापुरा तथा आरक्षी प्रभाकर सिंह यादव एवं मनीष कुमार गोंड शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में महत्वपूर्ण कार्रवाई बताया गया है।



