चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक्ट ब्यूरो : राकेश वलेचा

वाराणसी। स्कूलों में शत प्रतिशत छात्र-छात्राओं के अपार आईडी (ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री) बनाने पर जोर दिया जा रहा है लेकिन वाराणसी में अभी तक 42% छात्र-छात्राएं ऐसे हैं जो इससे वंचित हैं।
बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ रहे 2.87 लाख बच्चों की अपार आईडी अभी तक नहीं बन पाई है। बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने वाराणसी समेत BSA व DIOS को पत्र भेजकर जल्द से जल्द इसे शत प्रतिशत फीसदी करने का निर्देश दिया है।
दरअसल, वाराणसी में बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में करीब 6.78 लाख छात्र-छात्राएं हैं। इसमें बेसिक के 1.78 लाख और करीब 5 लाख माध्यमिक शिक्षा के हैं। इनमें से 2.87 लाख बच्चे अभी भी अपार आईडी से वंचित हैं।
अपार आईडी में होगी छात्रों की पूरी डिटेल दरअसल, नई शिक्षा नीति के तहत हर बच्चे की जानकारी अब यू-डाइस में पूरी तरह से डिजिटल सुरक्षित रखी जा रही। अब छात्र की एक ही आईडी होगी जिसमें उसकी पूरी डिटेल होगी। अभी तक तमाम ऐसे मामले आते थे जिसमें एक छात्र 2 स्कूल में प्रवेश करा लेता था। लेकिन अब ऐसा नहीं हो पाएगा। इस आईडी के बन जाने से जहां बच्चों का डेटा रहने से विद्यालयों को तो लाभ मिलेगा ही, बच्चों को भी लाभमिलेगा। उन्हें सभी शैक्षणिक रिकॉर्ड जैसे अंक, पुरस्कार, आदि सभी जानकारियां एक जगह मिल पाएंगी।
इस संबंध में वाराणसी के BSA (जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी) अनुराग श्रीवास्तव का कहना है कि इसके लिए काम चल रहा है। शीघ्र ही इसे पूरा करा लिया जाएगा।



