चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक्ट ब्यूरो : राकेश वलेचा

वाराणसी। के हरहुआ ब्लॉक के कोईराजपुर गांव स्थित एक साधारण व्यायामशाला इन दिनों चर्चा में है। कारण है इसी व्यायामशाला से अभ्यास करने वाले पहलवान साजन पाल का मुरादाबाद में आयोजित सीनियर राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतना।
हालांकि, प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल के अन्य पदक विजेता अलग-अलग क्षेत्रों से रहे, लेकिन ओवरऑल चैंपियनशिप की दिशा तय करने में साजन पाल का यह स्वर्ण पदक निर्णायक साबित हुआ।
साइकिल पर दूध की बाल्टी और दिल में दंगल का जुनून साजन पाल की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। उनके पिता दिनेश पाल दूध बेचकर घर चलाते हैं। साजन बताते हैं कि उनके पिता खुद कुश्ती के दीवाने थे और बचपन में उन्हें कंधे पर बैठाकर दंगल दिखाने ले जाया करते थे। पिता का वही सपना आज साजन की रगों में दौड़ रहा है। आज जब साजन के गले में गोल्ड मेडल चमक रहा है, तो पिता की आंखों में खुशी के आंसू हैं। दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटे साजन ने गरीबी को कभी अपनी कमजोरी नहीं समझा।
घर के आंगन में बिछा मैट और गुरु का अटूट विश्वास
जब हम कोईराजपुर की इस व्यायामशाला में पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर हैरानी हुई। यहाँ बड़े-बड़े शहरों जैसे ‘हाई-टेक’ जिम नहीं हैं। कोच लक्ष्मी नारायण पहलवान अपने घर में ही मैट बिछाकर एक अखाड़ा तैयार किया है। सुविधाओं के नाम पर भले ही यहाँ कमी हो, लेकिन हौसले यहाँ कूट-कूट कर भरे हैं।

कोच लक्ष्मी नारायण और राजेश यादव ने कहा कि हमारे पास सुविधाएं नहीं हैं, फिर भी वो मिट्टी में सोना उगा रहे हैं। कहा कि हमारे पास जमीन है और उसी पर अगर सरकार हमें एक अच्छा ट्रेनिंग सेंटर दे दे, तो ये लड़के कल ओलंपिक से पदक लेकर आएंगे।
मेरठ के पहलवानों को पटखनी देकर बने चैंपियन
मुरादाबाद के दंगल में वाराणसी के पहलवानों ने जो दांव चले, उसका जवाब किसी के पास नहीं था। वाराणसी ने कुल 6 स्वर्ण, 2 रजत और 5 कांस्य पदक जीतकर 265 अंक हासिल किए और मेरठ को महज 5 अंकों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया ली। इस ऐतिहासिक जीत में साजन पाल का स्वर्ण पदक सबसे निर्णायक रहा।
शनिवार को जब साजन अपने गांव लौटे तो नजारा किसी त्योहार जैसा था। ग्रामीणों ने उन्हें कंधों पर उठा लिया और मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर किया। इस दौरान राकेश शर्मा, मनीष राय, सुरेंद्र यादव और गोपाल विश्वकर्मा, दीना शंकर पाल, दिलीप यादव सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।



