HomeUncategorizedरसड़ा में दोस्त बनकर जालसाज ने युवती से ठगे 13.30 लाख रुपये,व्हाट्सऐप...

रसड़ा में दोस्त बनकर जालसाज ने युवती से ठगे 13.30 लाख रुपये,व्हाट्सऐप पर भेजा एयरपोर्ट पर फंसे होने का मैसेज, मदद के नाम पर ठगी

ब्यूरो रिपोर्ट : रवि प्रताप आर्य

बलिया । साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए दोस्त बनकर रसड़ा की एक युवती को झांसे में लिया और उससे 13.30 लाख रुपये की रकम हड़प ली। जालसाज ने युवती के परिचित के मोबाइल नंबर से व्हाट्सऐप पर संदेश भेजकर खुद को एयरपोर्ट पर फंसा होने की बात कही और भारतीय मुद्रा की जरूरत बताकर मदद मांगी। भरोसे में आई युवती ने सप्ताहभर के भीतर अलग-अलग माध्यमों से जालसाज के बताए खाते में रकम भेज दी। बाद में और रुपये की मांग होने पर उसे साइबर ठगी का एहसास हुआ।

आदर्श नगर पालिका रसड़ा के बजाजी मोहल्ला निवासी पूजा बरनवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि तीन सितंबर को उसके पास व्हाट्सऐप पर दोस्त विशाल वर्मा के मोबाइल नंबर से मैसेज आया। सामने वाले ने खुद को एयरपोर्ट पर फंसा होने की बात बताते हुए भारतीय मुद्रा की जरूरत बताई। उसने कहा कि 25 पाउंड को भारतीय मुद्रा में बदलने के बाद रकम वापस कर देगा।

दोस्त की मदद के भरोसे में युवती ने तीन से नौ सितंबर के बीच फोन-पे और गूगल-पे के माध्यम से कुल 13 लाख 30 हजार रुपये भेज दिए। इसके बाद नौ सितंबर की शाम जालसाज ने फिर 90 हजार रुपये की मांग कर दी। रकम की व्यवस्था करने के लिए जब युवती ने अन्य लोगों से संपर्क किया तो उन्होंने साइबर ठगी की आशंका जताई। इसके बाद युवती को अपने साथ हुई जालसाजी का पता चला।

मामले में पीड़िता की तहरीर पर रसड़ा कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक रसड़ा सुशील कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम लगाई गई है और जल्द ही घटना का राजफाश करने का प्रयास किया जा रहा है।

साइबर ठगी से बचने के लिए रहें सतर्क
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि व्हाट्सऐप या फोन पर किसी परिचित के नाम से पैसे की मांग आने पर बिना पुष्टि किए रकम न भेजें। विशेष रूप से विदेश, एयरपोर्ट, अस्पताल या किसी आपात स्थिति का हवाला देकर तत्काल रुपये मांगने वाले संदेशों की पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे फोन कर पुष्टि करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular