चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – सत्यम गुप्ता

वाराणसी में बारिश के बाद खेलने निकले 10 साल के बालक की निर्माणाधीन मकान की गहरी नींव में भरे पानी में डूबकर मौत हो गई। शिवपुर के बेलवरियां गांव में आशु पटेल सुबह करीब 11 बजे घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। पास के CCTV में वह कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान की ओर जाता दिखा। परिजन वहां पहुंचे तो जेसीबी से खोदी गई गहरी नींव में पानी भरा था। करीब एक घंटे की तलाश के बाद आशु का शव पानी से निकाला जा सका। परिजन उसे दीनदयाल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सुबह 11 बजे घर से निकला, फिर नहीं लौटा
बेलवरियां गांव निवासी आशु पटेल कक्षा-2 का छात्र था। स्थानीय लोगों के मुताबिक वह पढ़ाई में तेज था। बारिश के बाद सुबह करीब 11 बजे वह घर से खेलने के लिए निकला था। काफी समय बीतने के बाद भी आशु घर नहीं लौटा तो परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों से भी उसके बारे में जानकारी ली गई, लेकिन कोई पता नहीं चला।
CCTV में निर्माणाधीन मकान की ओर जाता दिखा
आशु की तलाश के दौरान आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में वह घर से निकलकर कॉलोनी में स्थित एक निर्माणाधीन मकान की तरफ जाता दिखाई दिया।
इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उसी दिशा में पहुंचे। उन्हें शक हुआ कि मकान की नींव के लिए खोदे गए गड्ढे में बारिश का पानी भरा हुआ है। लोगों ने पानी में तलाश शुरू की।
एक घंटे बाद गहरी नींव से मिला शव
जेसीबी से खोदी गई नींव काफी गहरी थी। बारिश का पानी भरने के कारण अंदर देख पाना भी मुश्किल था। करीब एक घंटे की तलाश के बाद आशु का शव पानी से बरामद हुआ। परिजनों ने डायल-112 की मदद से उसे दीनदयाल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने जताई धक्का देने की आशंका
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने आशंका जताई कि कहीं किसी ने बच्चे को गड्ढे में धक्का तो नहीं दिया। उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग की है।
पुलिस निर्माणाधीन मकान के आसपास लगे सभी CCTV कैमरों की फुटेज खंगालेगी। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट करने का प्रयास किया जाएगा कि आशु गड्ढे में खुद गिरा था या घटना के पीछे कोई और वजह थी।
एक साल पहले बेटी की बीमारी से हुई थी मौत
आशु की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।परिजनों के मुताबिक, एक साल के भीतर यह परिवार की दूसरी मौत है। करीब एक साल पहले परिवार की 5 वर्षीय बेटी की बीमारी से मौत हो गई थी।



