चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक रिपोर्टर – धनेश बदलानी

वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र में वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर रुस्तमपुर के पास देर रात एक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई और मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर पेड़ से जा टकराया।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, यह हादसा मिनी ट्रक चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ। गनीमत रही कि दुर्घटना के समय कार (रजिस्ट्रेशन नंबर UP 61 CT 2421) में कोई मौजूद नहीं था। कार सवार सभी लोग गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर पास की दुकान पर चाय पी रहे थे, जिससे उनकी जान बच गई। टक्कर से कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के कारण वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। हादसे के तुरंत बाद मिनी ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर UP 65 AT 6343) का चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर चौबेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके बाद बाधित हुए यातायात को सुचारु रूप से बहाल किया गया।



