HomeUncategorizedवाराणसी में कंटेनर की हवा से युवक गिरा: पिछले पहिया से कुचलकर...

वाराणसी में कंटेनर की हवा से युवक गिरा: पिछले पहिया से कुचलकर भागा, पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा

चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – रोहित चौरसिया

वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के बाबतपुर चौराहे पर रविवार सुबह करीब 7:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर के गुजरने से उठे हवा के झटके से सड़क पार कर रहा 22 वर्षीय युवक संतुलन खोकर गिर गया। इससे पहले कि वह संभल पाता, कंटेनर का पिछला पहिया उसे कुचलता हुआ निकल गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान बड़ागांव थाना क्षेत्र के रमईपट्टी गांव निवासी राजीव राजभर (22) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह बाबतपुर चौराहे पर वाहनों की आवाजाही सामान्य थी। इसी दौरान राजीव सड़क पार कर रहा था। वाराणसी की ओर से तेज रफ्तार कंटेनर चौराहे से गुजरा। कंटेनर की गति से हवा का तेज झटका लगा, जिससे राजीव का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। कुछ ही सेकंड में कंटेनर का पिछला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया।
हादसे के बाद चालक भागा, पुलिस ने पीछा कर पकड़ा

हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर बाबतपुर पुलिस चौकी की टीम ने कंटेनर का पीछा शुरू किया। पुलिस ने कथौली मोड़ के पास घेराबंदी कर कंटेनर और चालक को पकड़ लिया।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। राजीव अपने पिता वीरेंद्र राजभर के तीन बेटों में दूसरे नंबर का था। उसके बड़े और छोटे भाई की शादी हो चुकी है, जबकि राजीव अविवाहित था। उसकी एक बहन भी विवाहित है।

पिता वीरेंद्र राजभर ने बताया कि रविवार सुबह राजीव घर पर गाय बांधने के बाद काम की तलाश में बाबतपुर चौराहे गया था। परिवार को इस तरह की अनहोनी की कोई आशंका नहीं थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular