चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – अभिषेक सोनकर

सावन माह में काशी विश्वनाथ मंदिर से जल लेकर त्रिलोचन महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के लिए हरहुआ बाजार में पूरे सावन माह लंगर का आयोजन किया जा रहा है। इस सेवा शिविर में हिंदू-मुस्लिम युवा मिलकर श्रद्धालुओं की सेवा कर रहे हैं, जो आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता की मिसाल पेश कर रहा है।
हरहुआ बाजार से प्रतिदिन बड़ी संख्या में कांवड़िया श्रद्धालु त्रिलोचन महादेव मंदिर की ओर जाते हैं। इन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय युवाओं ने यह सेवा शिविर लगाया है। शिविर में कांवरियों को भोजन, पानी, स्नान, दवा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
रविवार को सुबह से देर रात 11 बजे तक श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा, जहां युवाओं ने उनके पैरों की मालिश की, भोजन कराया, स्नान की व्यवस्था की और पानी पिलाया। रास्ते में किसी कांवरिया को परेशानी होने पर शिविर से जुड़े युवा तुरंत उनकी मदद करते हैं।
इस आयोजन में क्षेत्र के व्यापारी, मजदूर और विभिन्न वर्गों के लोग अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग कर रहे हैं। सेवा में जुटे युवाओं का कहना है कि सावन माह भगवान शिव की आराधना और सेवा का पर्व है। कांवरियों की सेवा करने से उन्हें आत्मिक संतुष्टि मिलती है और यह आयोजन समाज में भाईचारे तथा आपसी सहयोग का संदेश भी देता है।
सेवा में लगे युवाओं ने कांवरियों से अपील की कि वे भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना करें कि हरहुआ क्षेत्र में कायम आपसी भाईचारा और सौहार्द हमेशा बना रहे, जिससे क्षेत्र के लोगों को सम्मान और सुख-शांति मिलती रहे। स्थानीय लोगों के सामूहिक सहयोग से यह लंगर पूरे सावन माह निरंतर चलाया जा रहा है।
लंगर आयोजन में राकेश जायसवाल, राजू विश्वकर्मा, सोनू पांडेय, आशीष विश्वकर्मा, अनिल पांडेय, उत्सव सिंह, धर्मेंद्र सिंह, मिठू, नितिन विश्वकर्मा, मेराज अहमद, गुड्डू हाशमी, मुन्ना जायसवाल, छोटू विश्वकर्मा, अनिल गुप्ता और वीरेंद्र गुप्ता सहित कई अन्य लोग सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।




