चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – रोहित चौरसिया

वाराणसी। चांदपुर रिंग रोड से मोकलपुर ढाबा तक जाने वाले मुख्य मार्ग की खस्ताहाली को लेकर 10 अगस्त को स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों का गुस्सा फूट पड़ा। लंबे समय से बड़े-बड़े गड्डों, उखड़ी हुई गिट्टियों और जलभराव की समस्या से जूझ रहे लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
इसी बीच, समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने इस गंभीर समस्या का समर्थन करते हुए क्षेत्र के विधायक व कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर पर निशाना साधा। सांसद सिंह ने आरोप लगाया कि मंत्री ने अपने कार्यकाल के दौरान जनता से किए गए वादे पूरे नहीं किए।
उन्होंने कहा कि जनता के दबाव में जो थोड़ा-बहुत काम कराया भी गया, वह केवल खानापूर्ति और “आधा-अधूरा पैच-वर्क” बनकर रह गया, जो पहली ही बारिश में उखड़ गया। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग अपने काम, स्कूल और व्यापार के सिलसिले में आवागमन करते हैं।
सड़क की बदहाली पर स्थानीय लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। स्थानीय निवासी अस्विनी सिंह, प्रदुमन सिंह, मुरारी यादव और रमेश चंद्र यादव ने बताया कि रोजाना इस रास्ते से गुजरना किसी बुरे सपने जैसा है। आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं, और गाड़ियों का सस्पेंशन व टायर पूरी तरह बर्बाद हो चुके हैं।
व्यापारी अमित सिंह ने कहा कि सड़क पर गड्डों और धूल-मिट्टी के कारण मोकलपुर ढाबे और आसपास के व्यापारियों का धंधा चौपट हो रहा है। उन्होंने बताया कि मंत्री और संबंधित विभाग को कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन केवल खोखले आश्वासन ही मिले। दैनिक यात्री सुनील विश्वकर्मा ने भी कहा कि विकास का दावा केवल कागजों तक सीमित है, और किया गया पैच-वर्क इतना घटिया था कि कुछ ही दिनों में फिर से बड़े गड्ढे बन गए।
जनता का कहना है कि यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि सुरक्षा और मूलभूत सुविधा का सवाल है। उनका मानना है कि सड़क सुधरेगी, तभी सही मायनों में क्षेत्र का विकास होगा।



