ब्यूरो रिपोर्ट : रवि प्रताप आर्य

बलिया। रसड़ा नगर पालिका अंतर्गत वार्ड नं. एक धोबही में कार्यरत आँगनबाड़ी कार्यकत्री पर स्थानीय लोगों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। धोबही निवासी मनोज राजभर सहित अन्य महिलाओं ने आँगनबाड़ी केंद्र की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हुए आरोप लगाया है कि गर्भवती महिलाओं को पूरा पोषाहार नहीं दिया जा रहा है।
कभी भी कुपोषित बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं को माहवार पुष्टाहार का वितरण नहीं करती हैं। राजभर ने आगे कहा कि कभी 3 माह, कभी 4 माह बाद एक बार पुष्टाहार वितरित कर इतीश्री कर लेती है।
मनोज ने बताया कि उन्होंने अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों से जानकारी ली। उन्हें पता चला कि गर्भवती महिलाओं को हर माह विभिन्न प्रकार की खाद्य सामग्री दी जाती है। इसमें दाल, दलिया और तेल शामिल हैं।
आंगनबाड़ी केंद्र में गर्भवती महिलाओं को पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। वितरण में अनियमितता बरती जा रही है। लोगों ने इस मामले की जांच की मांग की है।
वहीं जब इस बाबत आंगनबाड़ी कार्यकत्री से बात चीत की गई तो उन्होंने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उक्त सभी आरोप झूठे व बेबुनियाद हैं, कुछ लोग मनगढ़ंत कहानी बना कर उल्टे-सीधे आरोप लगा रहे हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने कहा कि शासन के मंशानुरूप कार्य किया जा रहा है। समयानुसार पुष्टाहार का वितरण किया जाता है।



