यूपी हेड : अमर नाथ साहू
रिपोर्ट : सत्यम् गुप्ता

वाराणसी: गंगा में बढ़े जलस्तर के कारण पिछले 45 दिनों से बंद नौका संचालन को लेकर आंशिक राहत मिल गई है। जल पुलिस ने शाम को गंगा आरती दिखाने के लिए सीमित समय तक नावों को चलाने की अनुमति दी है। हालांकि, इस दौरान नाविकों और पर्यटकों को कड़े नियमों का पालन करना होगा।
गंगा में बाढ़ आने के चलते 10 जुलाई से ही नौका संचालन पूरी तरह बंद था। इस वजह से नाविकों की आजीविका पर असर पड़ा था। बीते दिनों नाविकों ने बैठक कर प्रशासन से नौका संचालन शुरू करने की मांग उठाई थी। नाविकों की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने आरती के समय नाव चलाने की सशर्त अनुमति दे दी है।
जारी गाइडलाइन के अनुसार, अब हर नाव में उसकी क्षमता का सिर्फ 40 फीसदी पर्यटकों को ही बैठने दिया जाएगा। इससे सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी और किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को रोका जा सकेगा। इसके अलावा हर पर्यटक और नाविक के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।
जल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई नाविक गाइडलाइन का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। न केवल नाव को जब्त किया जाएगा, बल्कि नगर निगम से उसका लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति भी की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि गंगा का जलस्तर अभी सामान्य है, लेकिन जलस्तर में उतार-चढ़ाव की आशंका बनी हुई है। ऐसे में सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। नाविकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय और नियमों के तहत ही संचालन करें। वहीं, पर्यटकों से भी अपेक्षा की गई है कि वे नियमों का पालन करते हुए गंगा आरती का आनंद लें।।।



