ब्यूरो रिपोर्ट : रवि प्रताप आर्य

बलिया । संत गणिनाथ जी महाराज के जन्मोत्सव एवं पूजनोत्सव को भव्य रूप से मनाने को लेकर अखिल भारतीय मद्धेशिया वैश्य समाज की आवश्यक बैठक शुक्रवार देर रात सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी 19 सितंबर, शनिवार को होने वाले जन्मोत्सव कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कार्यक्रम को पूर्व वर्षों की अपेक्षा इस बार और अधिक भव्य रूप देने का निर्णय लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय मद्धेशिया वैश्य समाज के युवा नगर ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप कुमार मद्धेशिया ने बताया कि मद्धेशिया समाज के कुलगुरु संत गणिनाथ जी महाराज का जन्मोत्सव इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जन्मोत्सव के अवसर पर पांच कुंतल रोट का महाप्रसाद तैयार किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे का आयोजन होगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत 13 सितंबर, रविवार को सामान्य ज्ञान गौरव प्रतियोगिता एवं मेंहदी प्रतियोगिता से होगी। इसमें कक्षा पांच से दसवीं तक के स्वजातीय बच्चे प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद 17 सितंबर, गुरुवार को अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य आयोजन 19 सितंबर, शनिवार को होगा। प्रातः सर्वप्रथम ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद हवन-पूजन होगा। सुबह 10 बजे से भव्य शोभा रथयात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा के उपरांत दोपहर एक बजे स्वजातीय सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा। वहीं दोपहर दो बजे से भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा। दिलीप कुमार मद्धेशिया ने पत्रक के माध्यम से रसड़ा ब्लॉक के सभी गांवों एवं रसड़ा नगर के समस्त स्वजातीय बंधुओं से संत गणिनाथ जी महाराज के जन्मोत्सव समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की विनम्र अपील की।
बैठक में मुख्य रूप से राजेश गुप्ता, गोपाल जी, भुवाल जी गुप्ता,विनोद गुप्ता,सुजीत मद्धेशिया, पुनीत गुप्ता, सूर्य नारायण, संतोष आर्य, अमित कैटरिंग, रवि गुप्ता, रामबाबू गुप्ता, विकास, शिवमोहन, निखिल, चंदन व संजय गुप्ता सहित अन्य स्वजातीय बंधु उपस्थित रहे।



