HomeUncategorizedवाराणसी में 55 साल के शख्स की पीटकर हत्या: चार दिन पहले...

वाराणसी में 55 साल के शख्स की पीटकर हत्या: चार दिन पहले बिहार से घर आए थे, परिजनों ने चचेरे भाई पर लगाया आरोप

चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रीक रिपोर्टर – धनेश बदलानी

वाराणसी में बुधवार शाम 55 साल के शख्स की पीटकर हत्या कर दी गई। पिटाई से घायल आजाद मिश्रा को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी के साथ तनाव का माहौल बन गया।

परिजनों के मुताबिक, आजाद मिश्रा बिहार में काम करते थे और करीब चार दिन पहले ही घर लौटे थे। उनकी पत्नी मधु मिश्रा करीब 50 वर्ष की हैं। दंपती की कोई संतान नहीं है। परिजनों ने पड़ोसी चचेरे भाई नागेंद्र मिश्रा (40) पर आजाद के साथ मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामला चौबेपुर थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव के मिश्रा मोहल्ले का है।

पहले से चल रहा था विवाद, परिजनों ने शिकायतों का किया दावा

परिजनों का कहना है कि आजाद और नागेंद्र पक्ष के बीच पहले से विवाद चल रहा था। परिवार का आरोप है कि नागेंद्र पक्ष की ओर से आए दिन विवाद किए जाने की शिकायत भी की गई थी। परिजनों ने दावा किया कि नागेंद्र के खिलाफ चिरईगांव पुलिस चौकी में पहले भी कई बार शिकायत की गई थी।

परिवार का आरोप है कि पूर्व में दी गई शिकायतों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि शिकायतों को गंभीरता से लिया गया होता तो घटना को टाला जा सकता था। परिजनों ने चौकी पर शिकायत लेकर पहुंचने वाले लोगों की सुनवाई और कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

शाम 4:30 से 5 बजे के बीच की घटना

परिजनों के अनुसार घटना बुधवार शाम करीब 4:30 से 5 बजे के बीच हुई। सूचना मिलने के बाद चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और मारपीट की परिस्थितियों के साथ इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

पूर्व शिकायतों पर कार्रवाई की भी होगी जांच

घटना के बाद पूरा गांव सकते में है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आजाद मिश्रा और आरोपी पक्ष के बीच विवाद की वजह क्या थी और घटना के समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था।

वहीं, परिजनों की ओर से पूर्व में दी गई शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular