HomeUncategorizedवाराणसी में वायुसेना पायलट के घर 25 लाख की चोरीः चोर आभूषण...

वाराणसी में वायुसेना पायलट के घर 25 लाख की चोरीः चोर आभूषण और नकदी ले गए, घटना CCTV में कैद

चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
रिपोर्ट : अभिषेक सोनकर

वाराणसी। में भारतीय वायुसेना के एक पायलट के घर से चोरों ने 25 लाख रुपये के आभूषण और 70 हजार रुपये नकद चुरा लिए। यह घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

यह घर शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्धिपुर इलाके में स्थित है, जहां वायुसेना पायलट शुभम पांडेय के माता-पिता रहते हैं। शुभम तमिलनाडु में भारतीय वायुसेना में तैनात हैं। उनके पिता अखिलेश पांडेय वायुसेना से सेवानिवृत्त और वर्तमान में सहायक अध्यापक हैं। शुभम ने बताया कि उनके माता-पिता लगभग 20 दिन पहले अपनी बड़ी बेटी से मिलने पुणे गए हुए थे। आज सुबह शुभम ने अपने घर के सीसीटीवी कैमरे ऑनलाइन चेक किए, तो उन्होंने देखा कि रात 3:12 बजे कुछ संदिग्ध व्यक्ति घर में घुस रहे थे।

इसके बाद उन्होंने वाराणसी के बीरापट्टी में रहने वाले अपने मामा नवीन को घटना की जानकारी दी। नवीन जब घर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि दरवाजों के ताले टूटे हुए थे और घर का सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पड़ोसियों से पूछताछ की।

मामा नवीन के अनुसार, चोरों ने एक डायमंड रिंग, एक जोड़ी डायमंड स्टड, सोने की दो चेन, पांच बालियां, एक हार, दो चूड़ियां, एक ब्रेसलेट, नौ अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, एक मटर माला, चार चांदी की पायल, 14 बिछिया, एक कटोरी, एक चम्मच, एक थाली और तीन मोती की माला सहित 70 हजार रुपये नकद चुराए हैं। चोरी हुए आभूषणों की कुल कीमत 25 लाख रुपये आंकी गई है।

क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। निवासियों का कहना है कि पुलिस गश्त की कमी के कारण ऐसी वारदातें बढ़ रही हैं और किसी भी घटना का खुलासा नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में जानकारी के लिए शिवपुर थाने से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका सरकारी फोन नहीं उठा।

RELATED ARTICLES

Most Popular