चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो चीफ़ – प्रदीप साह

वाराणसी के चौबेपुर स्थित मोलनापुर ग्राम सभा में लगातार बारिश के कारण एक हादसा हो गया। मंगलवार को श्यामलाल सरोज का करीब 100 साल पुराना कच्चा मकान अचानक ढह गया। गनीमत रही कि इस दौरान परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए। मकान गिरने से आसपास के लोगों में थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, श्यामलाल सरोज के बड़े बेटे अनिल सरोज अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ढहे हुए मकान के बगल में रहते हैं। श्यामलाल सरोज और उनकी पत्नी पास के ही दूसरे कच्चे मकान में रहते हैं। जिस समय मकान गिरा, उस वक्त परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मकान गिरने के बाद परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सभी लोग मिलकर गिरे हुए मकान की दीवारें और मलबा हटाने में लगे हैं। इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
परिवार के सदस्यों ने प्रशासन से अपील की है कि बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया जाए और उन्हें जरूरी मदद दी जाए।



