चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
क्राइम ब्यूरो – पंकज भाटिया

वाराणसी की सारनाथ पुलिस ने चोरी के आरोप में बांग्लादेश के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उन्हें फरीदपुर अंडरपास के पास से पकड़ा। आरोपियों की पहचान मोहम्मद बैरुल इस्लाम और मोहम्मद शफीकुल इस्लाम उर्फ मुन्ना के रूप में हुई है। दोनों बांग्लादेश के चपाय नवाबगंज के निवासी बताए गए हैं। पुलिस को उनके पास से बांग्लादेशी पासपोर्ट भी मिले हैं, जिनकी प्रामाणिकता की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 19 अक्टूबर 2026 को अमनपुरी कॉलोनी में एक मकान का ताला तोड़कर चोरी की थी। चोरी के कुछ गहने बेचने की बात भी सामने आई है। मामले में पुलिस के साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं।
चोरी के जेवरात और मोबाइल फोन बरामद
डीसीपी वरुणा जोन राजेश पांडेय ने बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम सक्रिय थी। इसी दौरान चोरी की योजना बनाने के आरोप में दोनों युवकों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने खुद को बांग्लादेश का नागरिक बताया। उनके पास से बांग्लादेशी पासपोर्ट भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अमनपुरी कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात में उनकी संलिप्तता सामने आई है। आरोपियों ने चोरी किए गए कुछ गहने पहले ही बेच दिए थे। पुलिस ने उनके पास से चोरी का सामान और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
सामान चोरी होने के बाद करने लगे वारदात
डीसीपी के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे करीब तीन महीने पहले वैध वीजा पर भारत घूमने आए थे। वे 25 सितंबर को बांग्लादेश से कोलकाता पहुंचे और फिर वाराणसी आ गए। यहां रहने के दौरान मोहम्मद शफीकुल इस्लाम का सामान चोरी हो गया। इसके बाद उनके पास पैसे नहीं बचे और वापस लौटने का साधन भी नहीं था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रोजगार नहीं मिलने के बाद रात में मकानों के ताले तोड़कर चोरी करना शुरू कर दिया। पुलिस उनके बताए तथ्यों की जांच कर रही है।
पासपोर्ट और पुराने रिकॉर्ड की जांच
डीसीपी राजेश पांडेय ने बताया कि दोनों आरोपियों से पुलिस के अलावा अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी पूछताछ कर रही हैं। उनके पास से मिले पासपोर्ट की प्रामाणिकता और पुराने रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस शहर में संदिग्ध रूप से रह रहे लोगों के सत्यापन की कार्रवाई भी कर चुकी है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।



