चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू

वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत लंका व भेलूपुर पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने संगठित गिरोह के तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर के पर्यवेक्षण में थाना लंका व भेलूपुर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना, सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर सोनकर पुत्र माता प्रसाद सोनकर निवासी भगवानपुर थाना लंका वाराणसी (उम्र करीब 21 वर्ष), करन सोनकर पुत्र बाबूल सोनकर निवासी नगवां थाना लंका वाराणसी (उम्र करीब 20 वर्ष) और हिमांशु गिरी पुत्र सुरेंद्र गिरी निवासी ग्राम बाला थाना विक्रमगंज जिला रोहतास बिहार, हाल पता भगवानपुर थाना लंका वाराणसी (उम्र करीब 19 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अदद स्कूटी, सफेद धातु की दो अदद सिल्ली, चोरी के आभूषण, अन्य सामान और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
बंद मकानों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरोह के सदस्य बंद पड़े मकानों की रेकी कर ताला तोड़कर चोरी करते थे।
आरोपियों ने बताया कि जुलाई माह में उन्होंने भगवत धाम कॉलोनी रमना स्थित एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की थी। इसके बाद अगस्त माह की शुरुआत में श्यामनगर कॉलोनी डीएलडब्ल्यू में भी एक बंद मकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी में मिले जेवरात को पकड़े जाने के डर से एक अज्ञात व्यक्ति को बेचकर पैसे आपस में बांट लिए थे।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने बंगाली टोला, भगवानपुर मोड़ और भेलूपुर क्षेत्र के जानकी नगर कॉलोनी में भी बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं की थीं।
कई चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी थाना लंका, भेलूपुर और चेतगंज थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के सामान खरीदने वालों की तलाश में जुटी है।
लंका पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त टीम की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताया है।



