चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो – राकेश सदेजा

वाराणसी के जंसा स्थित बहुउद्देशीय कृषि कल्याण केंद्र में गुरुवार को रबी सीजन 2026-27 के लिए किसानों को मुफ्त मिनी किट बीज बांटे गए। यह कार्यक्रम दोपहर करीब 12:30 बजे शुरू हुआ। इसमें रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल मुख्य अतिथि थे, जबकि वाराणसी मंडल के संयुक्त कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिला कृषि रक्षा अधिकारी बृजेश विश्वकर्मा ने किसानों को कीट और रोग प्रबंधन के साथ-साथ भूमि और बीज शोधन के बारे में बताया। इसके बाद सहायक निदेशक, मृदा परीक्षण/कल्चर ने मिट्टी जांच के बाद स्वायल हेल्थ कार्ड पोर्टल से जारी कार्ड की सिफारिशों के आधार पर 12 पोषक तत्वों और संतुलित खाद के इस्तेमाल की जानकारी दी।
संयुक्त कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार ने कृषि विभाग की अलग-अलग योजनाओं के बारे में किसानों को जानकारी दी। इसके बाद विधायक डॉ. सुनील पटेल ने किसानों को मुफ्त मिनी किट बीज दिए।

इस मौके पर सहायक विकास अधिकारी (कृषि) विनय कुमार मिश्रा, सहायक विकास अधिकारी (कृषि रक्षा) डॉ. मनोज कुमार सिंह, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक उदयराज सिंह और बीज गोदाम प्रभारी अमरजीत पटेल भी मौजूद थे। कृषि विभाग के कर्मचारियों के साथ करीब 80-85 किसान भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।



