ब्यूरो रिपोर्ट: रवि प्रताप आर्य

बलिया। व्यापारिक मुद्दों को मजबूती से उठाने वाला व व्यापारियों की हक की लड़ाई लड़ने वाला व्यापारिक संगठन, व्यापार कल्याण समिति, रसड़ा के पदाधिकारियों ने रविवार को श्रीनाथ मठ के पीठाधीश्वर व महामंडलेश्वर स्वामी कौशलेंद्र गिरी को अंग वस्त्रम् व फूल मालाओं से लादकर उन्हें सम्मानित किया है। इस दौरान व्यापारियों ने महंत कौशलेंद्र गिरी को प्रशस्ति पत्र भी भेंट किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को व्यापार कल्याण समिति के अध्यक्ष मु. यूनुस महामंत्री विनोद शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने श्री नाथ मठ पहुंचकर महंत जी को सम्मानित किया है। समिति अध्यक्ष मु. यूनुस ने कहा कि महामंडलेश्वर स्वामी कौशलेंद्र गिरी जी महाराज के
कुशल नेतृत्व व शानदार मार्गदर्शन में रसड़ा की ऐतिहासिक रामलीला व मेला शांति – सौहार्द पूर्वक संपन्न हुई। मेला क्षेत्र सहित रसड़ा बाजार के व्यापारी सुरक्षित तरीके से अपना व्यापार किए। व्यापार कल्याण समिति महंत जी के बेहतर नेतृत्व की भूरि -भूरि प्रशंसा करती है।
महामंत्री विनोद शर्मा ने कहा कि महंत जी के नेतृत्व में ऐतिहासिक रामलीला व मेला शांति – सौहार्द पूर्वक संपन्न हुआ। इसी के निमित्त व्यापार कल्याण समिति ने महामंडलेश्वर स्वामी कौशलेंद्र गिरी को अंग वस्त्रम्, प्रशस्ति पत्र सहित फूल मालाओं से लादकर उन्हें सम्मानित किया है। इस दौरान फल व सब्जी समिति अध्यक्ष मुख्तार अहमद सहित अन्य व्यापारीगण उपस्थित रहे।



