चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
यूपी हेड – अजय लखमानी

पिंडरा। विकासखंड पिंडरा के 14 संकुलों में परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों की संकुल स्तरीय बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में उत्कृष्ट शिक्षण की नवीन विधाओं और नवाचारों पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों ने निर्धारित समय में प्रत्येक विद्यालय को ‘निपुण’ बनाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया और इसे पूरा करने का संकल्प लिया।
बैठकों में बुधवार से शुरू होने वाली सत्र परीक्षाओं को शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर भी चर्चा हुई। संकुल शिक्षकों ने प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालयों में सरकार द्वारा निर्धारित एजेंडे पर बिंदुवार विचार-विमर्श किया।

चर्चा के मुख्य बिंदुओं में प्रत्येक बच्चे का ‘निपुण प्लस ऐप’ के माध्यम से भाषा और गणित की दक्षताओं के सापेक्ष नियमित आकलन शामिल था। इसके अतिरिक्त, शिक्षक डायरी पर प्रभावी रणनीति का वर्णन, निपुण तालिका का उपयोग, ‘कैच अप कार्यक्रम’, प्रतिदिन अखबार पढ़ने की आदत और पुस्तकालय के नियमित उपयोग जैसे विषयों पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय पिंडरा में हुई बैठक में संकुल शिक्षक अखिलेश मिश्रा, बृजनाथ यादव, अरविंद वर्मा, महेंद्र प्रताप, राजीव सिंह और विनोद कश्यप सहित अनेक प्रधानाध्यापक व शिक्षक उपस्थित रहे।




