चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक ब्यूरो – राकेश वलेचा

वाराणसी के चिरईगांव विकास खंड में 20 अगस्त 2026 को शाम 5:00 बजे ‘एआई सचिव जी’ प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंचायती राज व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से लैस करने और ग्रामीण प्रशासन में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यशाला में ब्लॉक की विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों और पंचायत सहायकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट / बीडीओ रिया सैनी और सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) श्री अशोक चौबे ने प्रतिनिधियों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) अब ग्रामीण विकास और प्रशासनिक सुधारों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ‘एआई सचिव जी’ पोर्टल के माध्यम से ग्राम प्रधान शासकीय आदेशों, कल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक नियमों को आसानी से समझ सकते हैं।

इस अवसर पर चंद्रशेखर ने कहा कि डिजिटल तकनीक का सही उपयोग पंचायतों के दैनिक कार्यों को अधिक पारदर्शी, तेज और प्रभावी बनाएगा। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से ‘एआई सचिव जी’ को अपनी दैनिक कार्यप्रणाली में शामिल करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य वक्ता साक्षी ने प्रतिभागियों को ‘एआई सचिव जी’ के वेब पोर्टल और उसकी कार्यप्रणाली का विस्तृत परिचय दिया। इसके बाद, तकनीकी टीम के सदस्यों शशांक श्रीवास्तव, यामिनी, कोमल, राधिका और सुनीता यादव ने सभी ग्राम प्रधानों तथा पंचायत सहायकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों ने अपने मोबाइल और कंप्यूटर का उपयोग करके पोर्टल पर प्रश्न पूछे और तुरंत उत्तर प्राप्त किए। ग्राम प्रधानों ने इसे पंचायत स्तर पर आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए एक अत्यंत उपयोगी डिजिटल उपकरण बताया। यह आयोजन चिरईगांव ब्लॉक की ग्राम पंचायतों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और जमीनी स्तर पर एआई-आधारित सुशासन को लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



