HomeUncategorizedदुर्गाकुंड मंदिर में मां कुष्मांडा का स्वर्ण श्रृंगार, दर्शन को उमड़ी आस्थावानों...

दुर्गाकुंड मंदिर में मां कुष्मांडा का स्वर्ण श्रृंगार, दर्शन को उमड़ी आस्थावानों की भीड़

चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
यूपी हेड : अजय लखमानी

वाराणसी: शारदीय नवरात्र के अवसर पर दुर्गाकुंड स्थित मां कुष्मांडा का सोमवार को भव्य स्वर्ण श्रृंगार किया गया। अलसुबह ढाई बजे मंगला आरती के उपरांत माता का कपाट भक्तों के लिए खोल दिया गया। दर्शन आरंभ होते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं और दोपहर तक लगभग एक लाख से अधिक लोगों ने मां के दर्शन कर लिए।

स्वर्ण आभूषणों से अलंकृत माता का दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। भक्तों का कहना था कि श्रृंगार के बाद ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो मां स्वयं साक्षात स्वरूप में अपने भक्तों को दर्शन दे रही हों। पूरा मंदिर परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

मंदिर के पुजारी विकास दुबे ने बताया कि- “मां का आज त्रिकुंड का विशेष स्वर्ण श्रृंगार किया गया है। इस बार भक्तों को माता के इस स्वरूप के दर्शन दो दिनों तक प्राप्त होंगे।”श्रद्धालु कड़ी व्यवस्था के बीच कतारबद्ध होकर दर्शन-पूजन कर रहे थे। आस्था और भक्ति से सराबोर दुर्गाकुंड मंदिर में नवरात्र का यह अद्भुत दृश्य श्रद्धालुओं की आस्था का अनूठा उदाहरण बना।

काशी में नवरात्र की धूम और मां दुर्गा के श्रृंगार दर्शन की यह परंपरा भक्तों को आकर्षित करती रही है, और इस बार भी मां कुष्मांडा के दर्शन हेतु भारी जनसैलाब उमड़ा।।।

RELATED ARTICLES

Most Popular