चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू

वाराणसी: दीपावली, धनतेरस और छठ जैसे प्रमुख त्यौहारों के मद्देनज़र वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। शहर में बढ़ती भीड़, टूरिस्टों की आवक और स्कूली बसों के चलते जगह-जगह लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने स्वयं सड़कों पर उतरकर रियलिटी चेक किया।
गुरुवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने सिगरा, लहुराबीर, मैदागिन, अर्दली बाजार, और लंका जैसे प्रमुख चौराहों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जाम की स्थिति का जायजा लिया और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी कीमत पर शहर की सड़कों पर जाम की स्थिति नहीं बननी चाहिए।
पुलिस कमिश्नर ने आदेश दिया है कि सभी ट्रैफिक और क्षेत्रीय अधिकारी दोपहर के समय चौराहों पर मौजूद रहें ताकि स्कूली बसों और बाजारों की भीड़ के बीच यातायात सुचारू बना रहे। साथ ही, उन्होंने मालवाहक वाहनों और टूरिस्ट बसों को केवल रात्रिकालीन समय में शहर में प्रवेश की अनुमति देने के निर्देश दिए हैं।
डीसीपी काशी गौरव बंसवाल ने बताया कि कमिश्नर के निर्देशानुसार आज दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ट्रैफिक सुधार और अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा, “जहां कहीं भी अतिक्रमण पाया जाएगा, उसे तत्काल हटाया जाएगा। ट्रैफिक को मुख्य मार्गों पर सुचारू रूप से चलाने के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयासरत है।
डीसीपी ने बताया कि सिगरा चौराहे पर ऑटो, टोटो और अन्य सार्वजनिक वाहनों की चेकिंग की जा रही है ताकि अव्यवस्था न फैल सके। इसके साथ ही बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल टीम (BDDS) रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा जांच अभियान चला रही है।
त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाराणसी में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और शहर में जाम या अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनने दी जाएगी।।।



