HomeUncategorizedडीसीपी नीतू कादयान ने की व्यापारियों संग बैठकः गोमती जोन में सुरक्षा...

डीसीपी नीतू कादयान ने की व्यापारियों संग बैठकः गोमती जोन में सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं पर हुई चर्चा

चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर : धनेश बदलानी

वाराणसी। डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान ने शनिवार को वाराणसी ग्रामीण क्षेत्र के व्यापारियों के साथ एक बैठक की। बैठक में क्षेत्र की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान व्यापारियों ने अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी चुनौतियों और पुलिस प्रशासन से अपनी अपेक्षाओं को साझा किया।

डीसीपी नीतू कादयान ने कहा कि व्यापारी समाज की आर्थिक व्यवस्था का मुख्य आधार हैं और उनकी सुरक्षा पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी किसी भी शिकायत का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

बैठक के दौरान व्यापारिक प्रतिनिधियों ने सड़कों पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि रात के समय अंधेरे के कारण हाईवे और आसपास के क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।

इस पर डीसीपी ने स्वीकार किया कि सुरक्षित वातावरण के लिए बेहतर प्रकाश व्यवस्था आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विभाग पुलिस के क्षेत्राधिकार में नहीं आता, फिर भी वे विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर इन समस्याओं को जल्द दूर करवाने का प्रयास करेंगी।

सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत करने के लिए डीसीपी ने व्यापारियों से सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने की अपील की। उन्होंने सुझाव दिया कि कैमरों का रुख इस तरह रखा जाए जिससे सड़क की गतिविधियों को भी रिकॉर्ड किया जा सके।

इसके साथ ही, बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी व्यापारियों को सचेत किया गया। उन्हें अपनी व्यक्तिगत बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करने और डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतने की सलाह दी गई।

इस दौरान व्यापार मंडल से शिवकुमार गुप्ता, शुभम सिंह, राजकुमार गुप्ता, विरेंद्र गुप्ता, विक्की गोंड, पप्पू सिंह, अनिता सिंह सहित कई अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular