HomeUncategorizedवाराणसी में CNG सिलेंडर से गैस रिसाव: एयरपोर्ट से 1KM पहले तक...

वाराणसी में CNG सिलेंडर से गैस रिसाव: एयरपोर्ट से 1KM पहले तक मचा हड़कंप, समय रहते टला बड़ा हादसा

चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – चन्दन रंजीत यादव

वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में बाबतपुर फोरलेन पर बुधवार देर रात सीएनजी सिलेंडर ले जा रहे वाहन से अचानक गैस रिसाव होने लगा। घटना वाराणसी एयरपोर्ट से करीब एक किलोमीटर पहले हुई, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में हड़कंप मच गया।
चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को तुरंत सड़क किनारे खड़ा कर दिया और कंपनी व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल और कंपनी की तकनीकी टीम ने खराब वाल्व बदलकर गैस रिसाव रोक दिया। इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।

रात 12:40 बजे शुरू हुआ गैस रिसाव

सीएनजी सिलेंडर लोड कर वाहन सप्लाई के लिए जा रहा था। बुधवार रात करीब 12:40 बजे बाबतपुर फोरलेन पर अचानक एक सिलेंडर के वाल्व से गैस निकलने लगी।

चालक को जैसे ही इसकी जानकारी हुई, उसने वाहन को तुरंत सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया और कंपनी के अधिकारियों के साथ फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
दमकल ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही पिंडरा फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंच गई। एहतियात के तौर पर आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया गया। किसी भी अनहोनी से बचने के लिए दमकल कर्मियों ने पानी का छिड़काव भी किया।

वाल्व बदलते ही बंद हुआ गैस रिसाव

कुछ देर बाद सीएनजी कंपनी की तकनीकी टीम भी मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि सिलेंडर के वाल्व में खराबी के कारण गैस रिसाव हो रहा था। कर्मचारियों ने खराब वाल्व और नोजल बदल दिया, जिसके बाद गैस का रिसाव पूरी तरह बंद हो गया।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पिछले छह महीने में तीन से चार बार इसी तरह गैस रिसाव की घटनाएं हो चुकी हैं। हर बार वाल्व या नोजल में तकनीकी खराबी सामने आई है।

फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने या किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।

RELATED ARTICLES

Most Popular