ब्यूरो रिपोर्ट : रवि प्रताप आर्य

बलिया। क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक स्वर्गीय उमाशंकर सिंह के असामयिक निधन पर गुरुवार को श्री बाला जी यशोदा कुंवर अर्जुन विद्यापीठ में शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विद्यालय परिवार ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा में विद्यालय के अध्यापक, अध्यापिकाओं, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने मोमबत्तियां प्रज्ज्वलित कर स्वर्गीय उमाशंकर सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित किए तथा उनके जनसेवा, शिक्षा, सामाजिक समरसता और क्षेत्रीय विकास में दिए गए योगदान को याद किया।
विद्यालय प्रबंधक अर्जुन जी ने कहा कि स्वर्गीय उमाशंकर सिंह ने अपने सार्वजनिक जीवन में सदैव जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका निधन रसड़ा विधानसभा ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए, जिन्हें लंबे समय तक याद रखा जाएगा। सभा में उपस्थित सभी लोगों ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा के उपरांत स्वर्गीय उमाशंकर सिंह के सम्मान में विद्यालय का पठन-पाठन कार्य स्थगित कर दिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त अध्यापक, अध्यापिकाएं, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



