यूपी हेड : अमर नाथ साहू
रिपोर्ट : सत्यम् गुप्ता

वाराणसी: जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुए भूस्खलन का असर अब रेलवे सेवाओं पर भी दिखने लगा है। इस घटना में कई श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी, जिसके बाद से यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी घट गई है। नतीजतन, जम्मू जाने वाली कई ट्रेनों को अस्थायी रूप से निरस्त कर दिया गया है।
रविवार को बनारस से जम्मू जाने वाली दो प्रमुख ट्रेनें, 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस और 12331 हिमगिरी एक्सप्रेस को निरस्त कर दिया गया। रेलवे ने जानकारी दी है कि कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस को दो सितंबर तक पूरी तरह बंद रखा जाएगा। इसी क्रम में 22317 हमसफर एक्सप्रेस को भी 2 सितंबर को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है।
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए लौटने वाली ट्रेनों को भी प्रभावित किया गया है। जम्मू से वाराणसी आने वाली हिमगिरी एक्सप्रेस को 31 अगस्त और 1 सितंबर को बंद रखा गया। इसी तरह 12356 अर्चना एक्सप्रेस भी 31 अगस्त को निरस्त रही। वहीं, जम्मू से आने वाली 13152 कोलकाता एक्सप्रेस को 1 सितंबर को चलाया नहीं गया।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि भूस्खलन की घटना के बाद यात्रियों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ी है। कई लोग पहले से बुक की गई अपनी यात्राएं भी स्थगित कर रहे हैं। इसका असर कैंट रेलवे स्टेशन से जम्मू जाने वाली ट्रेनों की बुकिंग पर साफ देखा जा सकता है। सामान्य दिनों में पूर्ण रूप से भरी रहने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस में 2 सितंबर की यात्रा तिथि के लिए कई सीटें खाली दिख रही हैं। आने वाले दिनों में भी इन ट्रेनों में बड़ी संख्या में सीटें उपलब्ध हैं।।।



