चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – अभिषेक सोनकर

बड़ागांव थाना क्षेत्र के भटौली गांव में पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर एक दंपती पर हमला किया गया। पीड़ित बिहारीलाल ने बड़ागांव पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि विपक्षीगण ने उनके साथ मारपीट की, पत्नी से छेड़छाड़ की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने पुलिस से स्वयं और अपनी पत्नी का मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, यह घटना देर रात करीब 8:53 से 9:30 बजे के बीच हुई, जब वह अपनी पत्नी के साथ बाजार से घर लौट रहे थे। आरोप है कि विपक्षीगण ने अपने घर के कैमरे बंद कर अंधेरे में घात लगाकर हमला किया। जैसे ही दंपती गाड़ी से घर पहुंचा, आरोपितों ने उन्हें खींच लिया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस मारपीट में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि हमले के दौरान वह बेहोश हो गया और उसकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ की गई।
दंपती के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। पीड़ित ने बताया कि इस घटना से पहले भी 21 अगस्त को विपक्षीगण ने उनके साथ मारपीट की थी, जिसमें उनका सिर फूट गया था। उस मामले में भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।
बिहारीलाल ने आरोप लगाया है कि जमीन को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश के कारण विपक्षीगण आए दिन उनके और उनके परिवार के साथ मारपीट करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। उन पर मुकदमे वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। धमकी दी गई है कि यदि मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए अपना और पत्नी का मेडिकल परीक्षण कराने तथा आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है। बड़ागांव थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



