HomeUncategorizedग्राम चौपाल में अधिकारियों ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, योजनाओं की दी...

ग्राम चौपाल में अधिकारियों ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, योजनाओं की दी जानकारी, एसडीएम रणवीर सिंह के नेतृत्व में छितौनी में हुआ आयोजन

ब्यूरो रिपोर्ट : रवि प्रताप आर्य
संवाददाता : आशीष कुमार सिंह

बलिया। रसड़ा तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा छितौनी में शुक्रवार को शासन की मंशा के अनुरूप ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी रसड़ा श्री रणवीर सिंह ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों तक सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान कराना रहा। ग्राम चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता कर अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं एवं सुविधाओं के बारे में ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी। खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारी योगेश उपाध्याय ने राशन वितरण व्यवस्था, पात्र लाभार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं तथा विभागीय योजनाओं के संबंध में जानकारी साझा की। वहीं थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने ग्रामीणों को कानून व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, साइबर अपराध से बचाव तथा पुलिस विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के बारे में जागरूक किया। सहायक विकास पंचायत अधिकारी वीरेंद्र यादव ने पंचायती राज विभाग की योजनाओं, ग्राम विकास कार्यों एवं ग्रामीणों की सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला।
उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अनिल कुमार ने पशुपालन विभाग से जुड़ी योजनाओं, पशुओं के स्वास्थ्य, टीकाकरण एवं पशुपालकों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। ग्राम सभा के सचिव नित्यानंद कुमार ने पंचायत स्तर पर होने वाले विकास कार्यों एवं सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ग्रामीणों को दी। इस दौरान लेखपाल अजीत कुमार ने राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों एवं सुविधाओं के बारे में बताया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजू गुप्ता एवं कोटेदार राम प्रवेश राम सहित ग्राम सभा के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे, जिस पर संबंधित विभागों के अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। कार्यक्रम के अंत में उपजिलाधिकारी रणवीर सिंह ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक रहें और किसी भी समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभाग से संपर्क करें। ग्राम चौपाल का आयोजन ग्रामीणों के बीच प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

RELATED ARTICLES

Most Popular