चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू

वाराणसी। गौ तस्करी एवं पशु क्रूरता से जुड़े मामलों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने अभियुक्त को थाना क्षेत्र के मोदी स्कूल तिराहे के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार थाना रामनगर में पंजीकृत मुकदमा संख्या 0055/2026, धारा 3/5A/5B/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के मामले में वांछित सोनू उर्फ मोहम्मद अजीम (28 वर्ष) निवासी ग्राम रेवसा, थाना अलीनगर, जनपद चंदौली की तलाश की जा रही थी। लगातार दबिश और तलाश अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह गौ तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को चलाने और उनके आवागमन में सहयोग करता था। उसने बताया कि इस कार्य से मिलने वाले धन से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध गौ तस्करी, गैंगस्टर एक्ट, चोरी सहित अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास में चंदौली, मिर्जापुर और वाराणसी जनपदों के विभिन्न थानों में दर्ज कुल सात मुकदमे शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। यह गिरफ्तारी पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक जय प्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक पंकज कुमार मिश्रा तथा हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गौ तस्करी एवं पशु क्रूरता से जुड़े अपराधों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



