HomeUncategorizedकांशीराम शहरी आवास योजना के पात्रों को शीघ्र आवास आवंटन की मांग,...

कांशीराम शहरी आवास योजना के पात्रों को शीघ्र आवास आवंटन की मांग, व्यापार कल्याण समिति ने सौंपा ज्ञापन

ब्यूरो रिपोर्ट : रवि प्रताप आर्य

बलिया । नगर में वर्षों पूर्व निर्मित कांशीराम शहरी आवास योजना के अंतर्गत बने आवासों का अब तक पात्र लाभार्थियों को आवंटन न होने का मामला एक बार फिर चर्चा में है। इस मुद्दे को लेकर व्यापार कल्याण समिति, रसड़ा ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद रसड़ा को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र आवास आवंटित कराने की मांग की।
समिति ने ज्ञापन में कहा कि कांशीराम शहरी आवास योजना के तहत निर्मित आवास लंबे समय से खाली पड़े हैं। समय पर आवंटन न होने के कारण भवनों की स्थिति लगातार जर्जर होती जा रही है, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ती जा रही है।
व्यापार कल्याण समिति ने प्रशासन से मांग की कि आवास आवंटन में आ रही प्रशासनिक एवं अन्य बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करते हुए पात्र लाभार्थियों को जल्द से जल्द आवास उपलब्ध कराया जाए। समिति का कहना है कि इससे एक ओर जरूरतमंद परिवारों को सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ मिलेगा, वहीं दूसरी ओर करोड़ों रुपये की सरकारी संपत्ति का समुचित संरक्षण और उपयोग भी सुनिश्चित हो सकेगा। समिति के अध्यक्ष मो. युनूस तथा महामंत्री आशुतोष सोनी ने उम्मीद जताई कि नगर पालिका प्रशासन इस जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करेगा, ताकि वर्षों से आवास की प्रतीक्षा कर रहे पात्र लाभार्थियों को उनका अधिकार मिल सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular