संवाददाता/ रवि प्रताप आर्य

बलिया। रसड़ा के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित स्कूल – कॉलेज के आसपास एंटी रोमियों स्क्वॉयड ने चेकिंग की। छात्राओं से संवाद करते हुए टीम की प्रभारी नंदिता सिंह ने महिला सुरक्षा, वूमेन हेल्पलाइन, विधिक सहायता, चाइल्ड हेल्पलाइन, साइबर अपराध के विषय पर जागरूक किया। हेल्पलाइन नंबरों से संबंधित पत्रक वितरित किए। कॉलेज के आसपास दुकानों पर घूम रहे युवकों को खदेड़ कर फटकार लगाई तो कई युवकों का नाम, पता नंबर नोट कर हिदायत देकर छोड़ दी। रसड़ा पुलिस में तैनात नंदिता सिंह इन दिनों शोहदों पर खासा नजर बनाई हुई हैं। भीड़भाड़ वाले त्यौहारों के मद्देनज़र शासनादेश व उच्चाधिकारियों के निर्देशन में रसड़ा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं को जागरूक कर रही हैं।

नंदिता सिंह ने बताया कि शहर में अलग-अलग इलाकों में एंटी रोमियो की टीम रहती है। खासताैर पर स्कूल और काॅलेज के पास नजर रखी जाती है। छेड़छाड़ की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाती है। थाना में महिला हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। थाने नहीं आ सकती हैं तो 1090 पर शिकायत करें। आप डायल 112 को भी जानकारी दे सकती हैं। रसड़ा पुलिस 24 घंटे लगातार, आपकी सेवा में आपके द्वार। वहीं रसड़ा इंस्पेक्टर योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार का मिशन शक्ति अभियान 5.0 खासतौर से महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा व सशक्तिकरण पर केंद्रित है। इस अभियान के तहत न सिर्फ एंटी-रोमियो स्क्वाड को सक्रिय किया गया है

बल्कि स्कूल-कॉलेज और बाजारों के आसपास लगातार चेकिंग की जा रही है। रसड़ा पुलिस का कहना है कि शहर में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विशेष रूप से शैक्षणिक संस्थानों के आसपास युवतियों और बच्चियों को सुरक्षित माहौल देने के लिए पुलिस लगातार गश्त बढ़ा रही है। रसड़ा पुलिस की ओर से की गई इस कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर अब सीधे कानूनी शिकंजा कसा जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और महिलाओं के लिए एक सुरक्षित व सम्मानजनक माहौल सुनिश्चित करना ही इसका मकसद है। पुलिस का यह कदम समाज में यह संदेश देने वाला है कि अब संदिग्ध गतिविधियों और मनचलों को बख्शा नहीं जाएगा।




