चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो – राकेश सदेजा

वाराणसी के राजातालाब आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के पनियरा गांव में छुट्टा सांड के हमले में गंभीर रूप से घायल 57 वर्षीय वृद्ध की इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई। शुक्रवार की शाम बारिश बंद होने के बाद रामा राजभर बकरियां चराने गांव के सिवान में गए थे। इसी दौरान एक छुट्टा सांड ने उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सांड ने उन्हें उठाकर पटक दिया और सींग से जमीन पर देर तक रगड़ता रहा। मौके पर मौजूद किसानों ने डंडों से सांड को भगाने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार हमला करता रहा। बाद में गांव से अन्य लोगों के लाठी-डंडे लेकर पहुंचने पर सांड वहां से भागा।
गंभीर रूप से घायल रामा राजभर को परिजन जक्खिनी स्थित निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हरहुआ स्थित अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। परिजनों ने घटना की सूचना 112 नंबर और स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार आवारा पशुओं का आतंक देखने को मिल रहा है जिससे किसान और आम जन परेशान है। आवारा पशु खेत में फसल नुकसान के साथ लोगों को घायल कर रहे है।



