चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू

वाराणसी के चौबेपुर में एक युवक से अमूल दूध का ठेका देने के नाम पर 1.24 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई है। जालसाज ने खुद को पीएसी अधिकारी बताया था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बरथरा खुर्द के रहने वाले आकाश सिंह गांव में अमूल दूध की दुकान चलाते हैं। आकाश ने पुलिस को बताया कि 20 सितंबर को उनके मोबाइल पर एक अनजान व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को पीएसी का अधिकारी बताया। उसने कहा कि वह चौबेपुर थाना परिसर में है।
जालसाज ने आकाश से कहा कि उसे 15 दिनों तक हर दिन 20 लीटर अमूल दूध चाहिए। इसका कुल बिल 21,000 रुपये बनेगा। उसने दूध के पैसे देने के लिए आकाश से उनके बैंक खाते की जानकारी मांगी। खाता नंबर मिलने के बाद जालसाज ने आकाश के मोबाइल पर 15,000 रुपये जमा होने का एक नकली मैसेज भेजा।
कुछ देर बाद आरोपी ने फिर फोन किया। उसने बताया कि उसने गलती से 6,000 रुपये की जगह 60,000 रुपये भेज दिए हैं। उसने आकाश से तुरंत अतिरिक्त पैसे वापस भेजने को कहा।
आकाश जालसाज की बातों में आ गए। उन्होंने भेजे गए अलग-अलग क्यूआर कोड और बारकोड पर कई बार में पैसे ट्रांसफर कर दिए। इस दौरान जालसाज ने 50,000 रुपये और भेजने का एक और नकली मैसेज दिखाया। फिर से अलग-अलग बारकोड भेजकर आकाश से पैसे ले लिए। इस तरह ठग ने आकाश से कुल 1,23,997 रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
21 सितंबर की सुबह जब आकाश ने उस अधिकारी के नंबर पर दोबारा फोन किया, तो कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर आकाश बैंक गए और अपना खाता चेक किया। तब उन्हें पता चला कि उनके खाते में न तो कोई पैसा आया था और न ही कोई क्रेडिट मैसेज असली था। ठगी का अहसास होते ही आकाश ने तुरंत चौबेपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। 49 हजार रुपये होल्ड करवाए गए हैं। अन्य बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



