चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
क्राइम ब्यूरो – पंकज भाटिया

वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे स्कूल जा रही 16 वर्षीय छात्रा रोशनी की तेज रफ्तार मिनी डंपर की चपेट में आने से मौत के बाद गुस्सा भड़क उठा। हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। दोपहर बाद तक करीब डेढ़ सौ महिला-पुरुष कच्चा बाबा इंटर कॉलेज वाली रोड के सामने जाल्हपुर में पहाड़िया-बलुआ मार्ग पर जाम लगाए बैठे हैं। मौके पर भारी पुलिस फोर्स के साथ एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी पहुंचे हैं और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं। लगातार हो रही भारी बारिश के बावजूद लोगों का धरना जारी है।
रोशनी की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोग भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक, सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने में जुटे हैं।

जानिए पूरा मामला…
टाडिया बरथरा निवासी रोशनी मंगलवार सुबह साइकिल से कच्चा बाबा इंटर कॉलेज जा रही थी। वह कक्षा नौ की छात्रा थी। बिशनपुरा गांव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार मिनी डंपर ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद छात्रा सड़क पर गिर गई और डंपर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे वाहन समेत हिरासत में ले लिया।
हादसे की खबर मिलते ही टाडिया बरथरा और बिशनपुरा के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। छात्रा की मौत से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार लगातार खतरा बनी हुई है।
डेढ़ सौ लोग अब भी जाम पर बैठे
मंगलवार को भी प्रदर्शन खत्म नहीं हुआ। कच्चा बाबा इंटर कॉलेज वाली रोड के सामने जाल्हपुर में पहाड़िया-बलुआ मार्ग पर करीब 150 महिला और पुरुष अब भी जाम लगाए हुए हैं। बारिश तेज होने के बावजूद प्रदर्शनकारी मौके से हटने को तैयार नहीं हैं।
लोगों की मांग है कि हादसे में जिम्मेदार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता दी जाए। इसके साथ ही मार्ग पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने और स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने की मांग भी उठ रही है।
स्थिति को देखते हुए एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और जाम समाप्त कराने के लिए समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
मौके पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
बारिश के बीच भी जारी है धरना
मौसम भी प्रदर्शनकारियों के हौसले को नहीं तोड़ सका। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच भी महिला-पुरुष सड़क पर बैठे हुए हैं। कई लोगों ने बारिश से बचने के लिए छाता और अन्य साधनों का सहारा लिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि मांगें पूरी होने और प्रशासन की ओर से ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही वे प्रदर्शन समाप्त करेंगे। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल प्रदर्शनकारी पहाड़िया-बलुआ मार्ग पर डटे हुए हैं और प्रशासन से अपनी मांगों पर स्पष्ट कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। एसीपी समेत पुलिस अधिकारी लगातार लोगों को समझाने में जुटे हैं।



