HomeUncategorizedनहवानीपुर की नट बस्ती में विमुक्ति दिवस कार्यक्रमः विमुक्त समुदाय के उत्थान...

नहवानीपुर की नट बस्ती में विमुक्ति दिवस कार्यक्रमः विमुक्त समुदाय के उत्थान पर हुई चर्चा, विधायक प्रतिनिधि रहीं मौजूद

चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक ब्यूरो – राकेश वलेचा

Oplus_16908288

वाराणसी के सेवापुरी क्षेत्र स्थित नहवानीपुर की नट बस्ती (डीएनटी समुदाय) में सोमवार को विमुक्ति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता समाज उत्थान सेवा समिति ने की। कार्यक्रम में विमुक्त समुदाय के महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ अनिल कुमार, प्रीति पटेल, रवि यादव और दिनेश कुमार अनल भी उपस्थित थे। ग्राम प्रधान मंगला प्रसाद और हल्का लेखपाल निर्मला पटेल भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

वक्ताओं ने विमुक्ति दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता से पूर्व ब्रिटिश शासन ने नट, मुसहर, बंजारा, सासी और कंजर जैसी कई घुमंतू जातियों को ‘जरायम पेशा’ घोषित किया था। स्वतंत्र भारत की सरकार ने 31 अगस्त 1952 को इन समुदायों को विमुक्त घोषित कर उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार प्रदान किया। इसी दिन की स्मृति में हर वर्ष 31 अगस्त को विमुक्ति दिवस मनाया जाता है।

विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल ने कहा कि सरकार विमुक्त समुदाय के उत्थान के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पात्र व्यक्तियों को शिक्षा, आवास और भूमि पट्टे सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। पटेल ने बस्ती की समस्याओं को विधायक तक पहुंचाने और उनके समाधान में मदद करने का भी भरोसा दिलाया।
प्रीति पटेल ने नहवानीपुर की नट बस्ती में मूलभूत सुविधाओं जैसे आवास, शौचालय, पेयजल और बिजली की कमी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि समाज उत्थान सेवा समिति समुदाय के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष कर रही है और भविष्य में भी यह जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बस्ती के सभी पात्र निवासियों को आवासीय पट्टा और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाए।

कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में, उपस्थित सैकड़ों महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने और समुदाय के उत्थान के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

Oplus_16908288
Oplus_16908288
RELATED ARTICLES

Most Popular