चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – चंदन रंजीत यादव

वाराणसी। सेवापुरी के राजकीय महिला महाविद्यालय, बरकी में सोमवार को प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-5 के तहत पुलिस जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कपसेठी पुलिस के निर्देशन में हुए इस कार्यक्रम में छात्राओं को नारी सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अनुज कुमार सिंह ने थाना प्रभारी कपसेठी विकास मौर्य और मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक मेघा सोलंकी सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने मिशन शक्ति फेज-5 के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
मुख्य वक्ता उपनिरीक्षक मेघा सोलंकी ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा, सहायता, काउंसलिंग और घरेलू हिंसा सहित महिला अपराधों की रोकथाम के लिए थानों पर महिला शक्ति केंद्र एवं महिला हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। उन्होंने छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090, 1076, 1930, 112, 181 और 1098 की विस्तृत जानकारी दी।
थाना प्रभारी विकास मौर्य ने छात्राओं को बताया कि रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक यूपी-112 के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था उपलब्ध है। उन्होंने छात्राओं से मोबाइल का सावधानीपूर्वक उपयोग करने और फर्जी केवाईसी कॉल से सतर्क रहने की अपील की।
प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार ने छात्राओं से मिशन शक्ति के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. श्वेता सिंह ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।




