चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
यूपी हेड – अजय लखमानी

वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र स्थित सिखड़ी प्राथमिक विद्यालय में रविवार देर रात चोरी की घटना सामने आई। अज्ञात चोरों ने कमरे का ताला और खिड़की काटकर विद्यालय में प्रवेश किया। चोर यहां से टीवी, माइक-साउंड सिस्टम और बच्चों के लिए लगा समरसेबल पंप चुरा ले गए।
सोमवार सुबह विद्यालय खुलने पर चोरी का पता चला। कमरे का ताला और खिड़की टूटी देखकर प्रधानाचार्य व स्टाफ हैरान रह गए। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कई महत्वपूर्ण वस्तुएं गायब थीं।
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। इसके बाद प्रधानाचार्य सुबास चंद ने कपसेठी थाने में चोरी के संबंध में लिखित तहरीर दी। प्रधानाचार्य ने बताया कि चोरों ने बच्चों के पेयजल के लिए लगा समरसेबल भी चुरा लिया है, जिससे विद्यालय में पानी की व्यवस्था प्रभावित हुई है।
यह सिखड़ी प्राथमिक विद्यालय में चोरी की पहली घटना नहीं है।
प्रधानाचार्य के अनुसार, इससे पहले भी विद्यालय में लगभग चार बार चोरी हो चुकी है। बार-बार चोरी की घटनाओं का खुलासा न होने से ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी है।

ग्रामीणों ने पुलिस से इस चोरी की घटना की गहन जांच कर जल्द खुलासा करने, चोरी हुए सामान को बरामद करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।



